सारंगढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सारंगढ़ पुलिस ने जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मंगलवार को आत्मानंद स्कूल में नए आपराधिक कानूनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने किया, जिन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नए कानूनों की जानकारी सरल भाषा में देकर कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने कहा कि देश की नई न्याय व्यवस्था केवल अपराधियों को दंडित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से बनाई गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के लागू होने से आम नागरिकों के अधिकार और अधिक मजबूत हुए हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब पीड़ित बिना थाने के चक्कर लगाए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकता है तथा किसी भी नजदीकी थाने में एफआईआर दर्ज कराने का अधिकार रखता है।
टीआई प्रमोद यादव ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर नए कानूनों में किए गए सख्त प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि पीड़िताओं के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग, समयबद्ध जांच और त्वरित न्याय की व्यवस्था कानून को और अधिक प्रभावी बनाती है। उन्होंने कहा कि न्याय में अनावश्यक देरी अब अतीत की बात होगी।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी ठगी, फर्जी लॉटरी, सोशल मीडिया धोखाधड़ी जैसे मामलों से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए और विद्यार्थियों से डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने की अपील की।
प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक चंचल सोनवानी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित अभिव्यक्ति ऐप, एसओएस फीचर, महिला हेल्पलाइन 1091 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाती है तथा सखी सेंटर और महिला परामर्श केंद्रों के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी सहायता, काउंसिलिंग और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक चंचल सोनवानी, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, आत्मानंद स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



- सारंगढ़:जनशिकायतों पर सख्त कलेक्टर, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश… - June 30, 2026
- 12 जुलाई को रायगढ़ में होगा जिला स्तरीय वैष्णव महासभा का महासंगम…केवड़ाबाड़ी मंगल भवन में सम्पन्न होगा शपथ ग्रहण समारोह..जिले के मंडलों का होगा गठन… - June 30, 2026
- टीआई प्रमोद यादव ने छात्रों को दिया न्याय, सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश… - June 30, 2026


