सारंगढ़। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नगर पंचायत सरसीवा अंतर्गत ग्राम पंचायत भिंनोदा के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार सामग्री का वितरण करने के साथ बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन भी किया गया। महिला एवं बाल स्वास्थ्य तथा पोषण को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिन बहनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में बैजंती लहरे की पहल एवं सहभागिता की विशेष रूप से सराहना की गई। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती माताओं एवं छोटे बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उनके द्वारा बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और ग्रामीण परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में निभाई जा रही भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” अभियान का संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। मुनगा को पोषक तत्वों से भरपूर बताते हुए इसके उपयोग को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। इस दौरान कुपोषण मुक्त समाज और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प भी लिया गया।
आयोजकों ने कहा कि बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि परिवार और समाज की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, बच्चों को समय पर पूरक पोषण तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य पदार्थों के उपयोग से स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सरसीवा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल साहू, ग्राम सरपंच सरिता बंजारे, विमला कुर्रे, सरसीवा भाजपा मंडल के पदाधिकारीगण, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर अनीता प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन बहनें सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने पोषण, स्वास्थ्य और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा कुपोषण के खिलाफ सामूहिक रूप से काम करने का संकल्प लिया।





- लोकतंत्र बचाने सड़क पर उतरी कांग्रेस, सारंगढ़ में गूंजा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ का संदेश… - October 6, 2026
- सेवा, सम्मान और संस्कार का संगम बना आंगन मिलन, बैजंती लहरे की पहल की हुई सराहना… - October 6, 2026
- सिंगारपुर (जोगिडिपा) में ₹4 लाख की लागत से बनी ‘अदृश्य’ सीसी रोड, चश्मा लगाकर ढूंढ रहे ग्रामीण! - October 6, 2026
