सारंगढ़। शादी के लिए ‘हाँ’ न कहना एक युवती के लिए मुसीबत बन गया। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने न सिर्फ युवती को सरेराह बदनाम करने की कोशिश की, बल्कि शादी न करने पर जान से मारने की खौफनाक धमकी भी दे डाली। यह चौंकाने वाला मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बालपुर का है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रताड़ना का खेल
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रकाश दास मानिकपुरी पिछले 3 महीनों से पीड़िता को इंस्टाग्राम और मोबाइल के जरिए लगातार परेशान कर रहा था और उसके साथ गाली-गलौज कर रहा था। विवाद तब और बढ़ गया जब 7 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे आरोपी प्रकाश दास अपने साथी सुनील पटेल के साथ पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर बालपुर पहुँचा।
सरेराह दी जान से मारने की धमकी
आरोपी ने बालपुर के एक होटल में बैठकर पीड़िता को बार-बार कॉल और एसएमएस किए। जब पीड़िता वहाँ पहुँची, तो आरोपियों ने उसे जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और अश्लील गालियाँ देते हुए कहा— “अगर तुम मुझसे प्यार या शादी नहीं करोगी, तो तुम्हें जान से मार दूँगा।” इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता के दोस्तों को बुलाकर माहौल खराब करने और तोड़फोड़ करने की धमकी भी दी।
सूझबूझ से बची पीड़िता की जान
इस खौफनाक स्थिति में पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। उसने वाशरुम जाने के बहाने चतुराई से खुद को बचाया और सीधे सरसीवां थाना पहुँचकर अपने बड़े भाई को पूरी आपबीती बताई। अत्यधिक डरी होने के कारण वह उसी दिन लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सकी थी, जिसके बाद उसने ‘कलेक्टर जनदर्शन’ में न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई
कलेक्टर जनदर्शन में 3 जून को मिली शिकायत की जाँच के बाद सरसीवां पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों— प्रकाश दास मानिकपुरी और सुनील पटेल के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 296, 3(5), और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




