बिलाईगढ़|
नगर पंचायत भटगांव स्थित शासकीय नयन दास महिलांगे महाविद्यालय की बेशकीमती 18 एकड़ सुरक्षित भूमि को आखिरकार भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों से मुक्त करा लिया गया है। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए कॉलेज परिसर की जमीन पर बुल्डोजर चलवाकर वर्षों पुराना अतिक्रमण जमींदोज कर दिया। इस बड़ी और संवेदनशील कार्रवाई की सबसे विशेष बात यह रही कि किसी भी अतिक्रमणकारी ने इसका विरोध नहीं किया और पूरा अभियान बेहद शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

नोटिस के बाद भी हर साल बो दी जाती थी फसल
उल्लेखनीय है कि शासकीय नयन दास महिलांगे महाविद्यालय का संचालन वर्ष 1989 से किया जा रहा है। शासन द्वारा कॉलेज भवन के विस्तार और भविष्य की अन्य छात्र-उपयोगी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 18 एकड़ भूमि सुरक्षित आवंटित की गई थी। परंतु, पिछले कई वर्षों से इस बेशकीमती जमीन पर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अवैध रूप से खेती की जा रही थी और मकान बनाकर कब्जा कर लिया गया था। कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को कई बार स्वेच्छा से कब्जा हटाने की समझाइश व नोटिस दिए गए, लेकिन इसके बावजूद हर साल जमीन पर जबरन फसल की बोवाई कर दी जाती थी।
प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रशासन ने लिया कड़ा एक्शन
महाविद्यालय की जनभागीदारी विकास समिति द्वारा इस गंभीर समस्या को लेकर एक विशेष संकल्प पारित किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से अवैध कब्जा हटाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद राजस्व विभाग द्वारा भूमि का विधिवत सीमांकन कराया गया और इसकी रिपोर्ट अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिलाईगढ़ को सौंपी गई। एसडीएम के आदेशानुसार 11 जून से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई, जो बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक पूरी हुई। सुरक्षा के मद्देनजर अब प्रशासन ने चारों दिशाओं में मेढ़ (बाउंड्री मार्किंग) बनाकर इस सरकारी भूमि को पूरी तरह चिन्हांकित और सुरक्षित कर लिया है।
असामाजिक तत्वों और शराबियों से छात्रों को खतरा
इस बड़ी सफलता के बाद भी कॉलेज प्रशासन और स्थानीय नागरिकों को भविष्य में पुनः अवैध कब्जे की चिंता सता रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि महाविद्यालय का मुख्य भवन वर्तमान में मुख्य बस्ती या शहर से काफी दूरी पर स्थित है। इसके अलावा, कॉलेज परिसर के समीप ही देशी-विदेशी मदिरा की दुकान संचालित है। इस वजह से सुबह से लेकर देर रात तक परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जो वहां बैठकर शराब पीते हैं और खाली बोतलें वहीं फोड़कर गंदगी फैलाते हैं। इस असामाजिक माहौल के कारण कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। परिसर में बिखरे कांच के टुकड़ों की वजह से कई बार विद्यार्थियों के हाथ-पैर कटने और घायल होने की अप्रिय घटनाएं भी घट चुकी हैं।
मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री से बाउंड्रीवॉल निर्माण की गुहार
इस स्थाई समस्या के निराकरण के लिए महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष तुलसी राम आदित्य, प्राचार्य श्री एस. के. शुक्ला तथा समिति के वरिष्ठ सदस्यों (बद्री प्रसाद साहू, लखेश्वर राय, अरविंद आदित्य, गोकुल डंडसेना, राजेश सिदार, देवेंद्र खूंटे, प्रदीप देवांगन, डॉ. तुलेश्वर वैष्णव, शैलेंद्र अगस्ति, बिहारी लाल आदित्य) ने सामूहिक रूप से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से विशेष आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि कॉलेज परिसर की सुरक्षा के लिए एक मजबूत और स्थाई बाउंड्रीवॉल (परिकोटा) निर्माण हेतु तत्काल आवश्यक बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि इस शैक्षणिक परिसर को पुनः अतिक्रमण और असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बनने से हमेशा के लिए बचाया जा सके।
इनका रहा विशेष सहयोग
इस पूरे सीमांकन और अतिक्रमण विरोधी अभियान को सफल बनाने में दमदमा किसान एवं विकास समिति के अध्यक्ष ढोलाराम सायतोड़े सहित बद्री साहू, सन्तोष साहू, जीवराखन आदित्य, विनोद आदित्य, मुकुंद आदित्य, काशीराम आदित्य, दुकालू राम, करम लाल आदित्य, कैलाश शर्मा एवं भाजपा मंडल भटगांव का सराहनीय व विशेष योगदान रहा, जिसके प्रति कॉलेज प्रशासन ने आभार व्यक्त किया है।
- सारंगढ़ बिलाईगढ़:शादी से इनकार पर ‘मौत की धमकी,सिरफिरे आशिक की खौफनाक करतूत, दो के खिलाफ FIR दर्ज… - June 27, 2026
- सारंगढ़ बिलाईगढ़:प्रशासन का महा-अभियान, भटगांव कॉलेज की 18 एकड़ शासकीय भूमि से हटा बरसों पुराना अवैध कब्जा, चला पीला पंजा… - June 27, 2026
- सारंगढ़ बिलाईगढ़:पति की मौत या सोची-समझी हत्या? ससुराल वालों पर गंभीर आरोप! - June 27, 2026


