बरमकेला। व्यापार अनुज्ञापन (ट्रेड लाइसेंस) शुल्क वृद्धि के मुद्दे पर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की पहल का सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के व्यापारियों ने स्वागत किया है। CAIT के प्रयासों की सराहना करते हुए जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने इसे प्रदेश के व्यापारी वर्ग के हित में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम बताया है।
रतन शर्मा ने कहा कि व्यापार अनुज्ञापन शुल्क में बढ़ोतरी के निर्णय से प्रदेशभर के छोटे, मध्यम और पारिवारिक व्यापारियों के बीच चिंता का वातावरण बन गया था। ऐसे समय में CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं और चिंताओं को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखना अत्यंत सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारी न केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हैं, बल्कि राजस्व वृद्धि और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए किसी भी प्रकार की शुल्क वृद्धि लागू करने से पहले व्यापारियों की आर्थिक स्थिति, व्यावहारिक कठिनाइयों और व्यापारिक परिस्थितियों का गंभीरता से मूल्यांकन किया जाना चाहिए।
रतन शर्मा ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनने तथा शुल्क संरचना की पुनर्समीक्षा का सकारात्मक आश्वासन दिए जाने का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार व्यापारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार ऐसा संतुलित एवं व्यावहारिक निर्णय लेगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले और छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
उन्होंने कहा कि CAIT हमेशा से व्यापारियों की आवाज बनकर उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रहा है। संगठन भविष्य में भी व्यापारिक समुदाय की समस्याओं के समाधान तथा व्यापारी हितों की सुरक्षा के लिए शासन के साथ सकारात्मक संवाद और प्रयास जारी रखेगा।



