सारंगढ़। जिले के शिक्षक एवं कर्मचारी जगत के लिए गर्व और उत्साह से भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के युवा, ऊर्जावान और कर्मठ नेता संकीर्तन नंद को छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला सारंगढ़ का जिला उपसंयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही जिले भर के शिक्षकों, कर्मचारियों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों में खुशी का माहौल बन गया तथा उन्हें लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
संकीर्तन नंद लंबे समय से शिक्षक हितों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं। अपनी सक्रिय कार्यशैली, मजबूत संगठनात्मक क्षमता और प्रभावशाली नेतृत्व के दम पर उन्होंने प्रदेश स्तर पर अलग पहचान बनाई है। प्रदेश संयोजक के रूप में उन्होंने लगभग 1 लाख 8 हजार सहायक शिक्षकों का सफल नेतृत्व करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वे प्रदेश सलाहकार और प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
जिले में भी उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए तीनों विकासखंडों के पदाधिकारियों ने उन्हें जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनके मार्गदर्शन में संगठन लगातार मजबूत हुआ और शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया गया। यही कारण है कि संगठन के प्रदेश एवं जिला नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें जिला उपसंयोजक जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
यह नियुक्ति प्रदेश संयोजक कमल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रवीन्द्र राठौर, प्रदेश सचिव लैलून भारद्वाज एवं जिला संयोजक फकीरा यादव द्वारा उनकी कार्यकुशलता, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए की गई है।
नियुक्ति के बाद संकीर्तन नंद ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उनकी नियुक्ति को संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



