सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 जून 2026। जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 एवं प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में सरपंचों, पंचायत सचिवों एवं स्वच्छता दीदियों को वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में राज्य कार्यालय से जिला नोडल अधिकारी मोनिका सिंह एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विशेषज्ञ डॉ. रुपेश राठौर ने ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि जनभागीदारी और नियमित निगरानी से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता मिल सकती है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रथम चरण में चयनित 45 ग्राम पंचायतों में अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, प्रत्येक पंचायत में स्वच्छता दीदियों का चयन कर उनका मानदेय निर्धारित करने तथा सात दिनों के भीतर घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने ग्राम स्तर पर नियमित निगरानी और समीक्षा कर स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ राधेश्याम नायक, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, स्वच्छता दीदियां तथा स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़ जिला अस्पताल की बड़ी उपलब्धि, 15 दिन में बना स्वास्थ्य सेवाओं का नया रिकॉर्ड… - June 19, 2026
- सारंगढ़ दौरे पर आएंगे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, प्राकृतिक खेती, समीक्षा बैठक और योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल… - June 19, 2026
- उत्कर्ष योजना: 20 जून तक करें आवेदन, 5 जुलाई को होगी प्रवेश परीक्षा… - June 19, 2026

