सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 जून 2026। नशा मुक्त भारत अभियान (17 से 26 जून) के तहत बुधवार को कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़ के सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ लेकर समाज को नशे से मुक्त बनाने का संकल्प लिया। अभियान का उद्देश्य युवाओं सहित आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा देश में मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजना लागू की गई है। इसी के तहत 17 से 26 जून तक जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ष 26 जून को “अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान सामूहिक शपथ, पोस्टर निर्माण, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, साइकिल एवं बाइक रैली, योग सत्र तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे। वहीं 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर “योग फॉर वेलनेस” कार्यक्रम आयोजित कर योग के माध्यम से नशामुक्त जीवन का संदेश दिया जाएगा।
अभियान की सफलता के लिए स्वयंसेवकों, पंचायती राज संस्थाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा अन्य जमीनी स्तर की संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने जिलेवासियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।


