सारंगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित गौ ग्राम जन जागरण यात्रा का शुभारंभ बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर सारंगढ़ से हुआ। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने हरी झंडी दिखाकर जनजागरण वाहन को रवाना किया। यह यात्रा जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर गौ संरक्षण, संवर्धन, प्राकृतिक खेती एवं जैविक कृषि के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करेगी।
शुभारंभ अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार भरत अग्रवाल, यशवंत सिंह ठाकुर, गौधाम संचालक प्रकाश तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गौ संरक्षण एवं संवर्धन के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
गौ ग्राम जन जागरण यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन, प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यात्रा के माध्यम से किसानों, पशुपालकों एवं आम नागरिकों को गौ आधारित कृषि, जैविक उत्पादों के उपयोग तथा आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जानकारी दी जाएगी।
पशुपालन विभाग ने किया जागरूक
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र पाण्डेय ने कहा कि शासन द्वारा गौवंश संरक्षण एवं पशुपालकों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पशुपालकों से वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करने, समय-समय पर टीकाकरण कराने तथा पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भूषण तिवारी ने गौ आधारित प्राकृतिक खेती के लाभ बताते हुए कहा कि गोबर एवं गोमूत्र से तैयार जैविक खाद और जैविक कीटनाशकों के उपयोग से खेती की लागत कम होती है, मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है तथा पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाकर आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।


