सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 जून 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 18 से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
जिले में सारंगढ़ के मंडी प्रांगण, बरमकेला के मंगल भवन तथा बिलाईगढ़ के वार्ड क्रमांक 6 स्थित सामुदायिक भवन में शिविर लगाए जाएंगे। सारंगढ़ और बरमकेला में शिविर सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक, जबकि बिलाईगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए नए पंजीयन, त्रुटि सुधार तथा हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन ने बताया कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शिविर शुरू होने से पहले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी, कोटवारों एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राही समय पर पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकें।


