सारंगढ़। जल संसाधन विभाग ने आम जनता के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट जारी करते हुए महानदी किनारे रहने वाले लोगों, किसानों और मछुआरों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि महानदी पर निर्मित कलमा बैराज के सभी गेट 16 जून 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक खोले जाएंगे, जिससे बैराज के नीचे महानदी में जल प्रवाह अचानक और अत्यधिक बढ़ सकता है।
कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन विभाग रायगढ़ ने बताया कि बढ़ते जल प्रवाह को देखते हुए बैराज के नीचे महानदी में मछली पकड़ना, नदी में स्नान करना, खेती करना, फसल लगाना या किसी भी प्रकार की गतिविधि करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नदी के जलस्तर में बिना पूर्व सूचना के तेजी से वृद्धि होने की संभावना है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा बच्चों और पशुओं को भी नदी के आसपास जाने से रोकें। विशेष रूप से नदी किनारे बसे ग्रामीणों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जल संसाधन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति जारी चेतावनी की अनदेखी करता है और उसके कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति होती है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी तथा विभाग इसके लिए उत्तरदायी नहीं रहेगा।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बरसात के मौसम में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और किसी भी स्थिति में महानदी के बहाव क्षेत्र में प्रवेश न करें।

- 30 जून तक कराएं श्रमिक पंजीयन में सुधार, नहीं तो अटक सकती हैं योजनाओं की सुविधाएं… - June 15, 2026
- सारंगढ़:आयरन की कमी पर जागरूकता: सही इलाज और संतुलित आहार से सुमित्रा ने जीती एनीमिया की जंग… - June 15, 2026
- सारंगढ़:कलमा बैराज के गेट 16 जून से खुलेंगे, महानदी किनारे जाने पर सख्त चेतावनी… - June 15, 2026

