सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित सुशासन तिहार बरमकेला विकासखंड के ग्राम लिमपाली निवासी पैरालिसिस पीड़ित संतराम चौहान के लिए नई उम्मीद लेकर आया। पिछले चार वर्षों से आधार अपडेट नहीं हो पाने के कारण वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे। शारीरिक रूप से असहाय होने के कारण उनका आधार अपडेट कराना संभव नहीं हो पा रहा था।
संतराम चौहान के परिवार ने अपनी समस्या को सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखा। आवेदन प्राप्त होते ही सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर ई-गवर्नेंस की टीम आवश्यक उपकरणों एवं तकनीकी व्यवस्था के साथ सीधे उनके घर पहुंची और आधार अपडेट की प्रक्रिया शुरू की।
आधार अपडेट के लिए पहुंचे ऑपरेटर अगस्ती भोई ने बताया कि संतराम चौहान का डेमोग्राफिक अपडेट करना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। पैरालिसिस के कारण उनके फिंगरप्रिंट और आंखों के बायोमेट्रिक सत्यापन में कई बार प्रयास करना पड़ा। वहीं, लिमपाली गांव में कमजोर नेटवर्क के कारण भी तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम के लगातार प्रयासों से अंततः आधार सफलतापूर्वक अपडेट कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बुजुर्ग, दिव्यांग एवं शारीरिक रूप से असमर्थ नागरिकों तक आवश्यक सेवाएं उनके घर पहुंचकर उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह पहल सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।





