बरमकेला, 14 जून। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर बरमकेला के लाल तालाब स्थित शिव मंदिर के सामने विगत एक माह से चल रहे रुद्र विशेष अनुष्ठान का समापन 15 जून को शाम 6 बजे भव्य एवं दिव्य गंगा आरती के साथ होगा। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी रतन शर्मा ने बताया कि गंगा आरती महायोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को भव्य, आकर्षक और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं तथा आयोजन स्थल को मनमोहक ढंग से सजाया जा रहा है।
नगर पंचायत बरमकेला की अध्यक्ष सत्यभामा मनोहर नायक ने बताया कि शिव-पार्वती विवाह एवं विशाल महाभंडारे के सफल आयोजन के बाद अब पहली बार बरमकेला में गंगा आरती का इतना विशाल आयोजन होने जा रहा है। यह नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक अवसर होगा।
रतन शर्मा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य गंगा आरती में सहभागी बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें। धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव का यह भव्य संगम बरमकेला के इतिहास में एक नई गौरवशाली पहचान स्थापित करने जा रहा है।

- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम… - October 2, 2026
- गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को मिला शिक्षा का संबल… - October 2, 2026
- गणपति विसर्जन में दिखी एसपी सुनील शर्मा की सख्ती, शांतिपूर्ण आयोजन ने जीता लोगों का भरोसा… - October 2, 2026
