सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा कार्य पूर्ण होने के बाद योजनाओं को संचालन के लिए संबंधित सरपंचों को विधिवत हस्तांतरित किया जाए।
समीक्षा बैठक में मिरोनी बैराज पर निर्मित भद्रा-रीवांपार समूह जल प्रदाय परियोजना, बरगांव-कंचनपुर परियोजना तथा घोठला-छोटे हरदी परियोजना के पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप से प्रत्येक परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जहां पाइपलाइन बिछाने अथवा पानी टंकी निर्माण का कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां तत्काल कार्य पुनः शुरू कराते हुए तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए निर्माण एजेंसियां पूरी जिम्मेदारी और गुणवत्ता के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभागीय अधिकारी, कार्यपालन अभियंता तथा विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े सभी ठेकेदार उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी संबंधित पक्षों को समन्वय बनाकर कार्य करने और ग्रामीणों को जल्द से जल्द जल जीवन मिशन का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
