सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति की प्रथम समीक्षा बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों की संख्या, विभागीय वाहनों की स्थिति तथा स्वास्थ्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंडों में संचालित जीवनदीप समितियों के उपलब्ध फंड का अस्पतालों में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सर्जन चिकित्सकों को सोनोलॉजिस्ट प्रशिक्षण दिलाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा, ताकि जिलेवासियों को स्थानीय स्तर पर सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में जन्म दर, मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव तथा पूर्ण टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सूचकांकों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी के लिए मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने तथा जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी गर्भवती महिला की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। इसके लिए हाईरिस्क गर्भवतियों की डेटवार कार्ययोजना तैयार कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में महतारी एक्सप्रेस वाहनों की उपलब्धता और संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा फाइलेरिया, डेंगू, लिम्फोडेमा, टीबी एवं कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कुष्ठ रोग की पहचान एवं उपचार के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान आरोग्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या और शेष पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अभियान चलाकर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, सिविल सर्जन दीपक जायसवाल, बीएमओ, डीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


