सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जून 2026। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, 14 प्रगणकों, 14 पर्यवेक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा फील्ड ट्रेनर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी संजय टोप्पो सहित जनगणना प्रकोष्ठ के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में इसकी गुणवत्ता, सटीकता और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया, जो सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण तथा टीम भावना का परिणाम है।
कलेक्टर ने कहा कि इतने व्यापक और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की तथा आगामी द्वितीय चरण में भी इसी उत्साह, प्रतिबद्धता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने जनगणना कार्य में जुड़े समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के बेहतर समन्वय तथा अथक परिश्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनगणना जैसे विशाल अभियानों की सफलता टीमवर्क, अनुशासन और जिम्मेदारी पर निर्भर करती है, जिसे जिले की टीम ने उत्कृष्ट रूप से साबित किया है।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया गया। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण करने में मैदानी अमले, पर्यवेक्षकों एवं प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समर्पण, जिम्मेदारी और मेहनत के कारण जिले में यह कार्य सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सका।


