सारंगढ़। जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिले के व्यापारिक विकास और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंडस्ट्रियल पार्क के लिए भूमि उपलब्ध कराने, नजूल भूमि के रिकॉर्ड को अद्यतन करने, चैंबर भवन कार्यालय हेतु भूमि आवंटन सहित कई महत्वपूर्ण मांगों को विस्तार से रखा।
बैठक में व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार एवं जिले के औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नजूल भूमि के रिकॉर्ड अपडेट नहीं होने के कारण व्यापारियों और आम नागरिकों को अनेक प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जिले में व्यापारिक संगठनों के लिए स्थायी चैंबर भवन की आवश्यकता भी लंबे समय से महसूस की जा रही है।
इस अवसर पर नजूल रिकॉर्ड अपडेट से संबंधित अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री साहू भी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रहा है तथा लंबित मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि नजूल रिकॉर्ड अद्यतन करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी तथा इंडस्ट्रियल पार्क एवं चैंबर भवन से जुड़े प्रस्तावों पर भी प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।
चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल, प्रदेश मंत्री दीपक केजरीवाल, जिला अध्यक्ष इकाई संगीत सिंह ठाकुर तथा वरिष्ठ सदस्य विश्वनाथ बहिदार और रिंकू केसरवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उनकी मांगों एवं समस्याओं पर सकारात्मक पहल के लिए कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
व्यापारिक संगठनों का मानना है कि इन मांगों के पूरा होने से जिले में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, निवेश के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।

- सुशासन तिहार का भव्य समापन: गोड़म शिविर में 696 आवेदन, हितग्राहियों को मिली सौगातों की सौगात… - June 10, 2026
- गोड़म स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, सेवाओं की परखी जमीनी हकीकत… - June 10, 2026
- स्वच्छता से रोजगार तक: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू का औचक निरीक्षण, लेमन ग्रास प्लांटेशन और मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा…. - June 10, 2026

