सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम जसरा स्थित नवनिर्मित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों के लिए तैयार किए गए आकर्षक एवं रंगीन शैक्षणिक वातावरण की सराहना की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवन की सुविधाओं का अवलोकन करते हुए बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरस्वती महंत ने बताया कि केंद्र में 35 बच्चे पंजीकृत हैं और नियमित रूप से आंगनबाड़ी में उपस्थित होते हैं। कलेक्टर ने सहायिका से बच्चों को दिए जाने वाले पूरक पोषण आहार की जानकारी प्राप्त कर पोषण स्तर की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम में तीन बच्चे कुपोषित श्रेणी में चिन्हित हैं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, सतत निगरानी एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त गांव बनाने के लिए विभागीय अमले को गंभीरता से कार्य करना होगा।
कलेक्टर ने ग्राम में बाल विवाह की स्थिति की भी जानकारी ली और ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम प्रसाद, जनपद पंचायत के अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
