सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के आदेशानुसार तथा जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया के मार्गदर्शन में सारंगढ़ विकासखंड की नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्रीमती सोमा सिंह ठाकुर द्वारा 9 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में शाला प्रवेशोत्सव के सफल आयोजन, शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, छात्र नामांकन बढ़ाने, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश वितरण, मध्यान्ह भोजन की सुचारू व्यवस्था, सुरक्षित स्कूल भवन, दर्ज संख्या में वृद्धि तथा विद्यालयों में नवाचार को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
बीईओ श्रीमती सोमा सिंह ठाकुर ने विद्यालयों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, शाला भवनों की मरम्मत, समय पर विद्यालय संचालन तथा सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं और लाभों की जानकारी पालकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र निर्माण, एमबीयू अपडेट, दिव्यांग बच्चों के सर्वेक्षण का अद्यतन, शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे कक्षा शिक्षण के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई और सीखने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। साथ ही स्कूलों में सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया, बीईओ श्रीमती सोमा सिंह ठाकुर, बीआरसी सत्येंद्र बसंत, सभी संकुल समन्वयक, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक उपस्थित रहे। बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज होने से शिक्षा विभाग की कार्यशैली और नए सत्र को लेकर गंभीरता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
नए शिक्षा सत्र को बेहतर बनाने प्रशासन की पहल, गुणवत्ता शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस।

- स्वच्छता से रोजगार तक: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू का औचक निरीक्षण, लेमन ग्रास प्लांटेशन और मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा…. - June 10, 2026
- व्यापारियों की मांगों पर कलेक्टर गंभीर: इंडस्ट्रियल पार्क, नजूल रिकॉर्ड और चैंबर भवन के लिए जमीन की मांग को मिला सकारात्मक आश्वासन… - June 10, 2026
- मॉडल आंगनबाड़ी पहुंचीं कलेक्टर, व्यवस्थाओं की सराहना, कुपोषित बच्चों पर विशेष निगरानी के निर्देश… - June 10, 2026

