बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब विकासखंड बिलाईगढ़ के ग्राम करीपाठ निवासी प्रतिभाशाली मास्टर एथलीट प्रहलाद कैवर्त ने सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मास्टर ट्रैक एंड फील्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गौरव का माहौल है।
6 एवं 7 जून 2026 को स्पोर्ट्स हब इंटरनेशनल एथलेटिक्स स्टेडियम, लोरोंग गैलंग (सिंगापुर) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विश्व के 15 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ से कुल 6 खिलाड़ियों का चयन हुआ था, जिनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रहलाद कैवर्त भी शामिल रहे।
प्रहलाद कैवर्त ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक, 400×100 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक, लंबी कूद में रजत पदक तथा 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल कर देश, प्रदेश और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रहलाद कैवर्त ने अपनी सफलता का श्रेय छत्तीसगढ़ मास्टर एथलीट संघ के संस्थापक मो. नबी मोहम्मद, टीम मैनेजर एवं कोच गुलाब नंद के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि सिंगापुर जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेना और पदक जीतना उनके जीवन की बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने संघ के पदाधिकारियों, कोच एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस शानदार उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी धनेश कुमार यादव, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी कौशल ठेठवार, विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी फकीरा यादव, संकुल प्राचार्य राम कुमार सहित खेल जगत एवं क्षेत्र के अनेक लोगों ने प्रहलाद कैवर्त को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
प्रहलाद कैवर्त की यह सफलता न केवल जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह साबित करती है कि ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मेहनत और लगन के दम पर सफलता का नया इतिहास रच सकती हैं।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
