सारंगढ़। अभामा महिला सम्मेलन छत्तीसगढ़ प्रांत की प्रथम प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक एवं युवराज कार्यक्रम का आयोजन 9 जून को रायगढ़ शाखा के आतिथ्य में अग्रोहा धाम रायगढ़ में उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण आयोजन में राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों सहित प्रदेश की 26 शाखाओं से बड़ी संख्या में सदस्याओं ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रेखा राठी, राष्ट्रीय सचिव श्रीमती बबीता बगरिया, राष्ट्रीय अंचल प्रमुख श्रीमती रेखा महमिया, श्रीमती अनिता अग्रवाल तथा राष्ट्रीय नेत्रदान-अंगदान प्रमुख श्रीमती सरोज सोनालिया सहित सभी अतिथियों के भव्य स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। रायगढ़ शाखा द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
स्वागत-सत्कार के उपरांत प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती उमा छपारिया की ताजपोशी समारोहपूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर नवगठित प्रांतीय कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। बैनर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में बिलासपुर शाखा ने प्रथम एवं चांपा शाखा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भोजली प्रतियोगिता में बाराद्वार शाखा प्रथम तथा रायपुर उमंग शाखा द्वितीय रही। सर्वाधिक सदस्य उपस्थिति की श्रेणी में सरायपाली शाखा को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रेखा राठी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि समाज और परिवार की मजबूत नींव संस्कारों पर आधारित होती है। उन्होंने सदस्याओं से संस्कारों के संरक्षण और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि अवसरों का आकाश असीमित है, किंतु संस्कार और मर्यादाएं ही जीवन को सही दिशा प्रदान करती हैं।
राष्ट्रीय सचिव श्रीमती बबीता बगरिया ने संगठन की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी शाखाओं को संगठनात्मक गतिविधियों से अवगत कराया।
प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती उमा छपारिया ने अपने संबोधन में संगठन को सेवा, संस्कार, सामाजिक जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने सभी शाखाओं से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। अपने प्रेरणादायी विचार रखते हुए उन्होंने कहा, “सोने की कलम तो विरासत में मिल सकती है, किंतु उससे लिखना क्या है यह हमें संस्कार ही सिखाते हैं।” महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “स्त्री एक ऐसी गुरु है, जो शर्ट के टूटे हुए बटन से लेकर व्यक्ति के टूटे हुए आत्मविश्वास तक को जोड़ने की ताकत रखती है।”
कार्यक्रम के अंत में प्रांतीय अध्यक्ष ने सफल आयोजन के लिए रायगढ़ शाखा का आभार व्यक्त किया, जबकि प्रांतीय सचिव श्रीमती सीमा गुप्ता ने सभी उपस्थित शाखाओं की बहनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
संगठनात्मक एकता, सेवा भावना, संस्कारों के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ अभामा महिला सम्मेलन की प्रथम प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


- स्वच्छता से रोजगार तक: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू का औचक निरीक्षण, लेमन ग्रास प्लांटेशन और मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा…. - June 10, 2026
- व्यापारियों की मांगों पर कलेक्टर गंभीर: इंडस्ट्रियल पार्क, नजूल रिकॉर्ड और चैंबर भवन के लिए जमीन की मांग को मिला सकारात्मक आश्वासन… - June 10, 2026
- मॉडल आंगनबाड़ी पहुंचीं कलेक्टर, व्यवस्थाओं की सराहना, कुपोषित बच्चों पर विशेष निगरानी के निर्देश… - June 10, 2026

