सारंगढ़-बिलाईगढ़, 2 जून 2026। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक समय पर पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में 1076 सीएम हेल्पलाइन प्रारंभ की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों, सुझावों एवं समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इसी संबंध में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली (सीएमएस) पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को नई शिकायत निवारण प्रणाली की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और निगरानी तंत्र की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में अनुराग दीवान ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन एक एकीकृत मंच है, जो सुशासन की दिशा में राज्य शासन का महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस प्रणाली के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान, शिकायतों की ऑनलाइन ट्रैकिंग तथा फीडबैक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह पूरी प्रणाली पाँच प्रमुख स्तंभों—शिकायत ट्रैकिंग, समयबद्ध निवारण, नागरिक फीडबैक, पारदर्शिता एवं जवाबदेही तथा प्रभावी निगरानी—पर आधारित है।
शिकायत दर्ज कराने के चार प्रमुख माध्यम
नागरिक अपनी शिकायतें या आवेदन चार माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे। इनमें 1076 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल, ऑनलाइन पोर्टल, व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म तथा मुख्यमंत्री के समक्ष व्यक्तिगत रूप से आवेदन प्रस्तुत करना शामिल है। विशेष रूप से ऐसे नागरिक जो स्वयं आवेदन लिखने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए कॉल-बैक सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके तहत नागरिक कॉल-बैक का अनुरोध कर सकेंगे, जिसके बाद संबंधित टीम उनसे संपर्क कर उनकी शिकायत दर्ज करेगी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्रत्येक शिकायत को 12 अंकों का एक विशिष्ट टोकन नंबर दिया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति हर स्तर पर ट्रैक कर सकेगा। शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए विभागवार शिकायत श्रेणियां निर्धारित की गई हैं तथा एल-1 से एल-4 स्तर तक अधिकारियों की पदनामवार मैपिंग की गई है। यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायत का निराकरण नहीं होता है तो वह स्वतः अगले उच्च अधिकारी के स्तर पर पहुंच जाएगी।
मोबाइल ऐप से भी मिलेगी सुविधा
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीएम हेल्पलाइन का मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल स्टोर से डाउनलोड किया जा सकेगा। इसके माध्यम से शिकायत दर्ज करने, उसकी स्थिति जानने तथा फीडबैक देने जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
अधिकारियों को प्रशिक्षण में पोर्टल लॉगिन, प्रोफाइल अपडेट, डैशबोर्ड संचालन, लंबित शिकायतों की समीक्षा, समाधान विकल्पों का चयन और प्रतिवेदन (एटीआर) अपलोड करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि फील्ड अधिकारियों से लेकर सचिव स्तर तक सभी संबंधित अधिकारियों को सीएम कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध जवाब देना होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों की जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान करते हुए शिकायत निवारण प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नई व्यवस्था से प्रदेश में शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनने की उम्मीद है।

- सारंगढ़:पिता की सेवा का मिला सम्मान: अनुकम्पा नियुक्ति से बेटे को मिला नया संबल, पटवारी प्रशिक्षण का आदेश जारी… - June 2, 2026
- सारंगढ़:1076 सीएम हेल्पलाइन से बदलेगी शिकायत निवारण व्यवस्था, अब हर शिकायत पर होगी सीधी निगरानी… - June 2, 2026
- झाल में 3 जून को लगेगा सुशासन तिहार शिविर, 19 गांवों के ग्रामीण होंगे शामिल… - June 2, 2026

