सारंगढ़-बिलाईगढ़:
जिले की सड़कों पर रफ्तार का जानलेवा खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों से सड़कें खून से लाल हो रही हैं, लेकिन न तो तेज रफ्तार पर लगाम लग पा रही है और न ही प्रशासन की नींद टूट रही है। ताजा मामला सोमवार देर शाम सरसीवां थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने बुजुर्ग साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बुजुर्ग समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पचपेड़ी निवासी पिता लाल पटेल (60 वर्ष) अपनी आजीविका चलाने के लिए धौराभाटा बाजार गए हुए थे। शाम को वे सब्जी बेचकर अपनी साइकिल से वापस घर (पचपेड़ी) लौट रहे थे। वे अपने घर के करीब पहुँचने ही वाले थे कि तभी रास्ते में काल बनकर आई एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग साइकिल सहित सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

दोनों की हालत नाजुक-
घटना के तुरंत बाद बदहवास परिजन और स्थानीय लोग लहूलुहान बुजुर्ग को लेकर सरसीवां स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन बुजुर्ग की बिगड़ती हालत और गहरे जख्मों को देखते हुए उन्हें तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया। फिलहाल बुजुर्ग की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
वहीं, इस हादसे में लापरवाही से बाइक दौड़ा रहा चालक खेमलाल साहू (निवासी जमगहन चुरेला) भी नहीं बच सका। टक्कर के बाद वह भी सड़क पर घिसटता चला गया। उसकी आँख के ठीक ऊपर गंभीर चोट आई है। अस्पताल पहुँचने के बाद उसका रक्तचाप (बीपी) अचानक खतरनाक स्तर तक बढ़ गया, जिसके चलते डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे भी बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
सरसीवां थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। फिलहाल, सरसीवां पुलिस ने मामले को संज्ञान में ले लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच में जुट गई है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक मासूम और बेकसूर लोग इन रफ्तार के सौदागरों का शिकार होते रहेंगे?
- सारंगढ़:पिता की सेवा का मिला सम्मान: अनुकम्पा नियुक्ति से बेटे को मिला नया संबल, पटवारी प्रशिक्षण का आदेश जारी… - June 2, 2026
- सारंगढ़:1076 सीएम हेल्पलाइन से बदलेगी शिकायत निवारण व्यवस्था, अब हर शिकायत पर होगी सीधी निगरानी… - June 2, 2026
- झाल में 3 जून को लगेगा सुशासन तिहार शिविर, 19 गांवों के ग्रामीण होंगे शामिल… - June 2, 2026

