सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के प्रसिद्ध गौण खनिज क्षेत्र ग्राम टिमरलगा में कथित अवैध खनन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में दर्जनों एकड़ भूमि पर पोकलेन मशीनों और हाईवा वाहनों की मदद से लगातार प्लास्ट एवं खुदाई कर खनिज का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, निकाले जा रहे खनिज को टिमरलगा क्षेत्र में संचालित विभिन्न क्रशर इकाइयों में खपाया जा रहा है। इससे शासन को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है। साथ ही खनन और परिवहन से संबंधित नियमों के पालन को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से यह गतिविधियां जारी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे खनिज विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो शासन को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
वहीं कुछ स्थानीय सूत्रों द्वारा यह दावा भी किया जा रहा है कि मामले में प्रभावशाली लोगों के संरक्षण के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है। हालांकि इन आरोपों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
अब इस खबर के सामने आने के बाद लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और खनिज विभाग पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शासन के राजस्व की रक्षा हो सके और खनन नियमों का पालन सुनिश्चित हो।




- सारंगढ़:पिता की सेवा का मिला सम्मान: अनुकम्पा नियुक्ति से बेटे को मिला नया संबल, पटवारी प्रशिक्षण का आदेश जारी… - June 2, 2026
- सारंगढ़:1076 सीएम हेल्पलाइन से बदलेगी शिकायत निवारण व्यवस्था, अब हर शिकायत पर होगी सीधी निगरानी… - June 2, 2026
- झाल में 3 जून को लगेगा सुशासन तिहार शिविर, 19 गांवों के ग्रामीण होंगे शामिल… - June 2, 2026

