सारंगढ़। नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंद्रखुरी (रायपुर) में आयोजित दीक्षांत समारोह में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम दहीदा के युवा रमाशंकर भारती ने अपनी मेहनत और लगन से एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। पुलिस कांस्टेबल के रूप में सेवा देते हुए उन्होंने लगातार पढ़ाई जारी रखी और प्रथम प्रयास में ही छत्तीसगढ़ पुलिस की सब इंस्पेक्टर (SI) परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की।
दीक्षांत समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण तब देखने को मिला, जब नव नियुक्त सब इंस्पेक्टर रमाशंकर भारती ने दीक्षांत के बाद अपनी माता श्रीमती मुन्नी बाई भारती को सैल्यूट कर सम्मान दिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद परिजन और ग्रामीण भावुक हो उठे तथा तालियों की गड़गड़ाहट से पूरे परिसर में खुशी का माहौल बन गया।
रमाशंकर भारती की इस उपलब्धि से दहीदा गांव ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। परीक्षा परिणाम आने के बाद से ही उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। उन्होंने ड्यूटी के बाद मिलने वाले समय का सदुपयोग करते हुए सब इंस्पेक्टर परीक्षा की तैयारी की और कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
दीक्षांत समारोह में गांव दहीदा से पहुंचे मुकेश भारद्वाज, पंकज खूंटे, उत्तरा साहू, राहुल सिदार, शेखर खूंटे, चमार सिंह राजपूत, मनोज भारती और गुलशन भारती सहित अनेक ग्रामीणों ने इस गौरवपूर्ण पल का साक्षी बनकर अपनी खुशी व्यक्त की। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।
रमाशंकर भारती की सफलता आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो नौकरी के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

- सारंगढ़:जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश… - July 28, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती का बड़ा असर: डेढ़ करोड़ से अधिक कीमत का 768 किलो गांजा भट्टी में जलाकर किया नष्ट… - July 28, 2026
- 5 गायों से बदली किस्मत: आधुनिक डेयरी से हर महीने ₹25 हजार की कमाई.. - July 28, 2026




