सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 मई 2026। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 दिनों तक संचालित किया गया, जिसके माध्यम से जिले के विकास की भावी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत आंकड़े संकलित किए गए हैं।
इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूर्णतः डिजिटल स्वरूप रहा। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए प्रगणकों ने मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से घर-घर पहुंचकर मकानों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी एकत्रित की। संकलित समस्त आंकड़े सीधे भारत सरकार के सर्वर पर सुरक्षित रूप से अपलोड किए गए हैं।
जिले में जनगणना कार्य को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने के लिए 13 जनगणना चार्ज बनाए गए थे, जिनमें 6 तहसील और 7 नगरीय निकाय शामिल हैं। कुल 1227 गणना खंडों में 1394 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की टीम ने घर-घर जाकर सर्वेक्षण का कार्य किया और निर्धारित समय सीमा में इसे सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
जिला प्रशासन ने इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में जिलेवासियों द्वारा दिए गए सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के तहत नागरिकों द्वारा दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल नीति निर्माण, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए ही किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार जनगणना 2027 का द्वितीय चरण, अर्थात जनसंख्या गणना, फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि आगामी चरण में भी नागरिकों का इसी प्रकार का सहयोग प्राप्त होगा, जिससे जनगणना का कार्य और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाया जा सके।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
