सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के ग्राम टैंगना कछार में शनिवार रात हाथी के गांव में घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। हाथी की मौजूदगी से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों की ओर रुख कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे एक हाथी गांव के आसपास पहुंच गया और उत्पात मचाने लगा। इसी दौरान ग्राम निवासी मनीष साहू (पिता महादेव साहू) अपने साथी तेजस साहू (पिता दिनेश साहू) के साथ धनसीर स्थित मोबाइल दुकान से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक हाथी सामने आ गया। हाथी को देखकर दोनों युवक घबरा गए और जब हाथी उनकी ओर बढ़ा तो मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो बैठे और गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि हाथी के दौड़ाने पर दोनों युवकों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। हादसे में मनीष साहू के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता यादराम हिरवानी की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता ने वन विभाग से पीड़ित युवक को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। वहीं गांव में हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग और पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथी के नजदीक न जाने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने तथा गांव में लगातार निगरानी रखने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी जनहानि की घटना को रोका जा सके।



- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
