रायपुर। अखिल भारतीय पंचायत परिषद छत्तीसगढ़ की प्रथम प्रदेश स्तरीय बैठक शनिवार, 30 मई 2026 को राजधानी रायपुर स्थित विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस ऐतिहासिक आयोजन में पंचायत सशक्तिकरण, संगठन विस्तार एवं त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम राष्ट्रीय महासमिति सदस्य घनश्याम प्रसाद यादव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं प्रदेश संयोजक लीलूराम केवट के विशेष मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
बैठक का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ के साथ किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रीय महासमिति सदस्य घनश्याम प्रसाद यादव एवं प्रदेश प्रभारी लीलूराम केवट सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष मीना आदिल, प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कुमार केवट तथा प्रदेश संगठन महामंत्री एवं मीडिया प्रवक्ता डॉ. विपेंद्र कुमार महेश विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों का परिचय सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने अपने-अपने जिलों में संगठन विस्तार एवं पंचायत हित से जुड़े कार्यों की जानकारी साझा की। इस दौरान कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड में 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा सामूहिक इस्तीफे एवं सात सूत्रीय मांगों के समर्थन में परिषद द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की गई।
राष्ट्रीय महासमिति सदस्य घनश्याम प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने से लेकर पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, राजीव गांधी तथा पंचायती राज व्यवस्था के जनक बलवंत राय मेहता के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पंचायती राज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका तथा पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों और कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि रही कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अखिल भारतीय पंचायत परिषद के पंचायती राज संविधान की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर सभी जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को संविधान की प्रतियां वितरित की गईं। साथ ही पंचायतों से जुड़े 29 महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देकर उन्हें गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
परिषद की ओर से जिला अध्यक्षों को अनुशंसा पत्र, नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र, संविधान पुस्तिका, 29 विषयों की जानकारी पुस्तिका तथा वर्ष 1958 से प्रकाशित राष्ट्रीय स्तर की ‘पंचायत संदेश’ पत्रिका प्रदान की गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने जिलों में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा ग्राम पंचायतों के सरपंचों से संपर्क कर संगठन का परिचय दें और पंचायत हित में कार्य करें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी तीन माह के भीतर संगठन विस्तार एवं सदस्यता अभियान को पूर्ण कर सितंबर माह में पुनः रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसे शपथ ग्रहण समारोह का स्वरूप दिया जाएगा। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि 15 जून तक संगठन का पंजीयन एवं शीघ्र ही करंट अकाउंट खोले जाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासमिति सदस्य घनश्याम प्रसाद यादव, प्रदेश प्रभारी लीलूराम केवट, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष मीना आदिल, प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कुमार केवट, प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. विपेंद्र कुमार महेश, प्रदेश महासचिव भगवती मिरज, प्रदेश महामंत्री नीलिमा गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना गोस्वामी, प्रदेश सचिव अभिमन्यु, प्रदेश कोषाध्यक्ष सहित खैरागढ़, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार एवं अन्य जिलों के नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं प्रदेश संयोजक लीलूराम केवट ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।



- ‘झाल शिविर’ मे जन-जन की समस्याओं का समाधान कराना हर कार्यकर्ता का संकल्प – ताराचंद पटेल - May 31, 2026
- रायपुर में पंचायत क्रांति का शंखनाद: अखिल भारतीय पंचायत परिषद की पहली प्रदेश स्तरीय बैठक में पंचायती राज संविधान की घोषणा… - May 31, 2026
- गांव में घुसा हाथी, दो युवकों पर हमला; बाल-बाल बची जान… - May 31, 2026

