सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 मई 2026। जिले के नगर पंचायत सरिया में शनिवार सुबह कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सबसे पहले निर्माणाधीन 100 बिस्तर अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर उन्होंने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई तथा चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे जनहित के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद कलेक्टर ने पंजीयन कार्यालय, विश्रामगृह निर्माण, खेल परिसर, वार्ड क्रमांक 7 में मुक्तिधाम, दैनिक बाजार शेड, पीएमश्री स्कूल भवन, मंगल भवन, बस स्टैंड, साप्ताहिक बाजार, सामुदायिक भवन तथा अमृत मिशन जलप्रदाय योजना सहित कई निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। अमृत मिशन योजना के कार्यों को लेकर भी उन्होंने ठेकेदार को कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्य संतोषजनक नहीं है और भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों, कार्य की प्रगति तथा समय-सीमा का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने सीमेंट, ईंट, सरिया सहित उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी।
कलेक्टर के इस अचानक निरीक्षण से निर्माण कार्यों में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक उपयोग की परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर मानकों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सरिया के निरीक्षण के बाद कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सांकरा पहुंचीं, जहां उन्होंने उद्वहन सिंचाई योजना, गौरव पथ और सीसी रोड निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग किए जाने की बात कही ताकि आम जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, वरिष्ठ पार्षद मोतीलाल स्वर्णकार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर की सख्त कार्यशैली और गुणवत्ता को लेकर दिए गए स्पष्ट संदेश से निर्माण एजेंसियों में जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

- कलेक्टर का सख्त एक्शन: घटिया निर्माण पर फटकार, गुणवत्ता से समझौता नहीं—ठेकेदारों में मचा हड़कंप…. - May 30, 2026
- “जिंदगी चुने, तंबाकू नहीं”: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी, युवाओं को बचाने का आह्वान… - May 30, 2026
- युवाओं के लिए सुनहरा मौका: सारंगढ़ में लगेगा निशुल्क सुरक्षा गार्ड भर्ती शिविर… - May 30, 2026

