सारंगढ़-बिलाईगढ़/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप बिलाईगढ़ जनपद क्षेत्र के वनांचल ग्राम पंचायत चचरेल में आयोजित सुशासन तिहार शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का बड़ा केंद्र बनकर उभरा। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। आसपास के 16 गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां आमजनों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शिविर का निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभ की जानकारी भी ली।
सुशासन तिहार शिविर में कुल 1521 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को समयबद्ध लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा 6 किसानों को बीज वितरित किए गए, वहीं सहकारिता विभाग ने 2 किसानों को बिना ब्याज दर पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के चेक प्रदान किए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 7 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 3 महिलाओं को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। शिक्षा विभाग द्वारा 9 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए तथा विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्कूल ड्रेस वितरित किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा दो शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और गांव में ही विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि सुशासन तिहार शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सत्ताधारी दल के प्रतिनिधि वेदराम जांगड़े, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम प्रफुल्ल रजक, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक प्रधान, ग्राम पंचायत के सरपंच, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

- नायब तहसीलदार से मारपीट का मामला प्रदेश गर्माया..विधायक राम कुमार तोप्पो की तत्काल गिरफ्तारी की मांग, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी… - May 29, 2026
- आतंक का पर्याय बने हिंसक बछड़े का रेस्क्यू, CMO की तत्परता से मोहल्लेवासियों को मिली राहत… - May 29, 2026
- रफ्तार का कहर : XUV 300 की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने NH पर किया चक्का जाम… - May 29, 2026

