सारंगढ़-बिलाईगढ़:
क्षेत्र के किसानों को खाद-बीज की किल्लत और कालाबाजारी से बचाने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कड़े रुख और कुशल मार्गदर्शन में बिलाईगढ़ कृषि विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए ग्राम दुमुहानी में किसानों का शोषण कर रहे एक कृषि केंद्र का भंडाफोड़ किया है।

शिकायत मिलते ही एसडीएम प्रफुल रजक के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने तत्काल एक्शन लिया। ग्राम दुमुहानी स्थित ‘मेलाराम कृषि केंद्र’ में जब औचक निरीक्षण और छापामार कार्रवाई की गई, तो शिकायत शत-प्रतिशत सही पाई गई। दुकान संचालक मेलाराम बंजारे द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित 266.50 रुपये प्रति बोरी की यूरिया खाद को भोले-भाले किसानों को ₹800 की भारी-भरकम और अवैध कीमत पर बेचा जा रहा था।
मौके पर ही पंचनामा और सील की कार्रवाई-
कृषि विभाग की टीम के अधिकारी कृष्ण कुमार साहू (SADO) एवं प्रकाश थवाईत (BTM) ने बिना वक्त गंवाए मौके पर ही पूरी पारदर्शिता के साथ पंचनामा तैयार किया। विभाग की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई के चलते आरोपी संचालक को संभलने का मौका भी नहीं मिला और दुकान को तुरंत सील कर दिया गया। विभाग अब संचालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।
कृषि विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र के किसानों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। किसानों का कहना है कि अगर विभाग इसी तरह सजग और सक्रिय रहा, तो कोई भी बिचौलिया या व्यापारी किसानों का हक नहीं मार पाएगा।
विभाग की अपील: जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी बहकावे में न आएं और केवल निर्धारित शासकीय दर पर ही खाद खरीदें। यदि कोई भी विक्रेता अधिक दाम वसूलता है या कालाबाजारी करता है, तो उसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें ताकि ऐसे दोषियों पर तत्काल कानून का डंडा चलाया जा सके।




