रायगढ़। थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम गेरवानी स्थित शासकीय स्कूल में हुई बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी किए गए बिजली वायर को बेचने की फिराक में घूम रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय विद्यालय गेरवानी की प्राचार्य श्रीमती टीसी बा’अ द्वारा थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि विद्यालय में सीसीटीवी वायरिंग, विद्युत वायरिंग तथा तीन वाटर कूलर पूर्व से स्थापित थे। 30 अप्रैल 2026 को विद्यालय बंद होने के बाद 1 मई से 4 मई तक अवकाश था। अवकाश समाप्त होने के बाद 4 मई को जब स्टाफ विद्यालय पहुंचा तो चैनल गेट का ताला टूटा मिला और स्कूल परिसर से तीन नग सिलिंग फैन, तीन वाटर कूलर के कम्प्रेसर, सीसीटीवी वायरिंग तथा लगभग 120 मीटर विद्युत वायरिंग चोरी होना पाया गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई।
मामले में थाना पूंजीपथरा में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।
लगातार पतासाजी के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि गेरवानी क्षेत्र में जूटमिल इलाके के दो संदिग्ध युवक बिजली तार लेकर घूमते देखे गए हैं, जिनमें एक का नाम मोनु बताया गया। सूचना मिलते ही थाना जूटमिल पुलिस से समन्वय स्थापित कर दबिश दी गई और संदेही आमीर खान उर्फ मोनु खान को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी आमीर खान उर्फ मोनु खान पिता बब्बू खान उम्र 36 वर्ष निवासी मौदहापारा वार्ड क्रमांक 31 मस्जिद के पास थाना जूटमिल जिला रायगढ़ ने अपने साथी राजू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कम्प्रेसर और सिलिंग फैन को छिपाकर रखा गया था तथा चोरी के तारों में से कुछ फेरिवालों को 1000 रुपये में बेच दिए गए थे। इसमें से 500 रुपये खर्च कर दिए गए, जबकि शेष 500 रुपये पुलिस ने जब्त कर लिए।
आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि बचा हुआ बोर पंप वायर ग्राम गेरवानी के जंगल में छिपाकर रखा गया है। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में जंगल से चोरी का वायर बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी आमीर खान उर्फ मोनु खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी राजू की तलाश तेज कर दी गई है। थाना पूंजीपथरा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है।


