सारंगढ़। श्री मानस यज्ञ नवधा रामायण समिति, राजापारा सारंगढ़ द्वारा आयोजित गौरवशाली 34वें श्री मानस यज्ञ नवधा रामायण महोत्सव के सप्तम दिवस 27 मई 2026 को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक एवं भजन गायिका आरू साहू की भव्य भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सारंगढ़ नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं मानस प्रेमी शामिल हुए और पूरा पंडाल देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहा।
सारंगढ़ क्षेत्र में प्रथम आगमन पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा आरू साहू का पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। मंच पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने तालियों और जय श्रीराम के जयघोष से उनका अभिनंदन किया।
आरू साहू ने अपने मधुर भजनों, लोकगीतों एवं रामभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए। भक्ति संगीत की मधुर धुनों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर भजन संध्या का आनंद लिया और देर रात तक श्रद्धा एवं उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला।
समिति के सदस्यों ने बताया कि सारंगढ़ क्षेत्र में आरू साहू जी का यह पहला कार्यक्रम था, जिसे लोगों का अभूतपूर्व प्रेम और समर्थन मिला। कार्यक्रम की भव्यता, विशाल जनसमूह की उपस्थिति और श्रद्धालुओं के उत्साह ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रीरामचरित मानस के प्रति लोगों की अटूट आस्था और भक्ति भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। भजन संध्या ने न केवल धार्मिक वातावरण को और अधिक दिव्य बनाया, बल्कि क्षेत्रवासियों के लिए यादगार सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संध्या भी साबित हुई।



- किसानों के हित मे तत्पर कृषि विभाग के अधिकारी..266 रुपये की यूरिया 800 में बेचने वाली दुकान सील.. - May 28, 2026
- स्कूल चोरी कांड का खुलासा : वायर बेचने घूम रहा चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, दूसरा आरोपी फरार… - May 28, 2026
- आरू साहू की भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब, भक्ति रस में डूबा सारंगढ़… - May 28, 2026

