सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 मई 2026/ जिले में सुशासन तिहार के तहत ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 28 मई को सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम केड़ार स्थित हाईस्कूल परिसर में विशाल सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संचालित होगा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई करेंगे।
इस शिविर में ग्राम छिन्द, अमलीपाली ‘अ’, टांडीपार, परसदा बड़े, कटेली, कटेकोनी, बरभांठा ‘अ’, कोतमरा, भड़िसार, खर्री छोटे, गंजाईभौना, सहसपानी, अमलडीहा, देवगांव, पठारीपाली, केड़ार, खजरी, लीमगांव, खोखसीपाली, पहंदा और डोमाडीह ‘ब’ सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
प्रशासन द्वारा आयोजित इस जनकल्याणकारी शिविर में नागरिक अपनी मांग, शिकायत एवं सुझाव सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, खाद्य, श्रम तथा अन्य विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।





