सारंगढ़, 24 मई 2026। मुख्यमंत्री एवं शासन की मंशानुरूप जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कल सोमवार 25 मई 2026 को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में “प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान” (PMSMA) के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। हर माह की 9 और 24 तारीख को संचालित होने वाला यह अभियान इस बार 24 मई रविवार होने के कारण आगामी दिवस 25 मई को आयोजित किया जा रहा है।
यह विशेष शिविर जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल के समन्वित प्रयासों से इस शिविर को बड़े स्तर पर सफल बनाने की तैयारी की गई है।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी अत्याधुनिक और निःशुल्क सुविधाएं

शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। जिला चिकित्सालय में आयोजित इस विशेष शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की जाएगी। साथ ही गर्भस्थ शिशु की स्थिति और स्वास्थ्य की निगरानी के लिए हाई-टेक सोनोग्राफी (USG) की सुविधा भी पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा खून, पेशाब एवं अन्य आवश्यक पैथोलॉजी जांच भी बिना किसी शुल्क के की जाएंगी। शिविर में आने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए पौष्टिक जलपान एवं स्वास्थ्यवर्धक स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई है।
“सुरक्षित प्रसव और स्वस्थ शिशु हमारा संकल्प” — डॉ. दीपक जायसवाल
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल ने जिले की गर्भवती महिलाओं एवं आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिला अस्पताल की पूरी टीम गर्भवती माताओं की सेवा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
जिला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले से भी आग्रह किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को इस विशेष स्वास्थ्य शिविर तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रहे।
- मां और शिशु की सुरक्षा का संकल्प: कल जिला अस्पताल में लगेगा मेगा PMSMA शिविर, निःशुल्क सोनोग्राफी से लेकर लैब जांच तक मिलेंगी सभी सुविधाएं… - May 24, 2026
- बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका: जिले में लगेगा निशुल्क सुरक्षा भर्ती शिविर, कई थानों में होगा आयोजन… - May 24, 2026
- धान खरीदी घोटाले का बड़ा खुलासा : 99 लाख से ज्यादा की गड़बड़ी, समिति प्रबंधक और कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार… - May 24, 2026

