सारंगढ़-बिलाईगढ़/ कलेक्टर एवं वित्तीय जिला प्रमुख श्रीमती पदमिनी भोई साहू ने शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के कार्यों की सख्त समीक्षा करते हुए बड़ी कार्रवाई की। समीक्षा बैठक में महतारी वंदन योजना, बाल विवाह रोकथाम, टीकाकरण, पीएम मातृ वंदना योजना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने एवं विभागीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की शीर्ष संचालन टीम के वेतन को आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी भी शामिल हैं।
कलेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई साहू ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, बाल विवाह रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक दवाओं और सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, हितग्राहियों तक समय पर लाभ पहुंचाने तथा जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाने के लिए भी निर्देशित किया गया।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
