सारंगढ़। भीषण गर्मी ने पूरे शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आसमान से बरसती आग और उमस भरी तपिश ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसाने लगी है, जबकि दोपहर 12 बजे से पहले ही शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगती हैं। हालात ऐसे बन गए हैं मानो शहर में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा छा गया हो।
क्षेत्र में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। न्यूनतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जिससे दिन और रात दोनों समय लोग गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
भीषण गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सुबह होते ही सूरज के तीखे तेवर लोगों को परेशान करने लगते हैं और दोपहर तक बाजार, चौक-चौराहे व सड़कें लगभग वीरान हो जाती हैं। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन पर गहरा असर डाला है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं।
गर्मी से बचने के लिए लोग कूलर, पंखा और एसी का सहारा ले रहे हैं, लेकिन तेज उमस के कारण इनसे भी ज्यादा राहत महसूस नहीं हो रही। वहीं शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए लोग बार-बार पानी, नींबू पानी, शरबत, गन्ना जूस और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं।
डॉक्टरों ने भी लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी ने बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग की परेशानियां सबसे ज्यादा बढ़ा दी हैं।


- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
