सारंगढ़। जिले की कानून व्यवस्था और अपराध जांच प्रणाली को आधुनिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप देने की दिशा में सारंगढ़ को बड़ी सौगात मिली है। जिले में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया, जिससे अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच, डिजिटल विश्लेषण और साक्ष्य संकलन संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभी ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया।
जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि शासन द्वारा नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सटीक विवेचना और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले को यह हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित यह यूनिट अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन और डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण करने में सक्षम होगी, जिससे जांच प्रक्रिया पहले से अधिक मजबूत और प्रभावी बनेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पुलिस एवं न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाने लगातार कार्य कर रही है। मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की शुरुआत से अपराध जांच प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि अब अधिकांश वैज्ञानिक परीक्षण स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेंगे, जिससे पीड़ितों को जल्द न्याय मिलने का मार्ग आसान होगा।
एडिशनल एसपी निमिषा पांडे ने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में जिले को साइबर थाना, क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला और डायल-112 के लिए 10 आधुनिक ईआरवी वाहन मिल चुके हैं। अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट जुड़ने से घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संग्रहण और परीक्षण किया जा सकेगा, जिससे अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया और मजबूत होगी।
इस अवसर पर अधिवक्ता तिवारी ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के तहत गंभीर अपराधों और बड़ी दुर्घटनाओं में फॉरेंसिक टीम की तत्काल मौजूदगी अनिवार्य हो गई है। ऐसे में यह मोबाइल यूनिट मौके पर पहुंचकर त्वरित वैज्ञानिक परीक्षण कर सकेगी, जिससे जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता दोनों में वृद्धि होगी।
एसडीओपी साहू ने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन अत्याधुनिक तकनीकों और “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित है। वैन में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर सिस्टम, सैंपल कलेक्शन लैब, फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट किट, डीएनए सैंपल संग्रह उपकरण, हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स, बुलेट होल एवं जीएसआर जांच किट, दस्तावेजीकरण उपकरण तथा जीपीएस आधारित बॉडी वॉर्न कैमरा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अब घटनास्थल पर ही महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकेंगे, जो अपराधियों के खिलाफ मजबूत अभियोजन तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। जिले में इस अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट के शुरू होने से पुलिस जांच व्यवस्था को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ न्याय प्रक्रिया में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

- “अब अपराधियों की खैर नहीं” : सारंगढ़ को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, मौके पर ही होगी वैज्ञानिक जांच… - May 23, 2026
- योग के मंच पर चमके सारंगढ़ के सितारे: सिम्मी योगा फिटनेस सेंटर के बच्चों ने बढ़ाया जिले का मान… - May 23, 2026
- राजकमल (गोलू) अग्रवाल बने सारंगढ़ विधायक प्रतिनिधि..श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने जारी किया नियुक्ति पत्र.. - May 23, 2026

