पद्मिनी भोई साहू की मौजूदगी में खेल और उत्साह से सराबोर माहौल के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग जिला सारंगढ़ द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह सम्पन्न हुआ। 1 मई से 21 मई तक चले इस विशेष शिविर में जिले भर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
शिविर के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को अलग-अलग खेलों की बारीकियां सिखाई गईं। प्रशिक्षण में खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी पाठ पढ़ाया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हर बच्चे को अपने पसंदीदा खेल से जरूर जुड़ना चाहिए। उन्होंने पालकों से भी अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल और मोबाइल गेम से दूर रखकर खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर ने कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों जीवन के महत्वपूर्ण हिस्से हैं और बच्चे अपने लक्ष्य के अनुसार मेहनत कर सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निरंतर खेल गतिविधियों में भाग लेकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों सहित सभी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, कैप एवं पानी की बोतल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे समारोह में उत्साह एवं आनंद का माहौल देखने को मिला।
समापन समारोह का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा जब नन्ही प्रतिभागी रानी यादव ने कराते का शानदार प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया। उनके आत्मविश्वास और हुनर को देखकर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने उनकी जमकर सराहना करते हुए हौसला अफजाई की।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ सामूहिक ग्रुप फोटो लेकर शिविर का यादगार समापन किया गया।

- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
- सारंगढ़:सपेरा बस्ती में शिक्षा और सुरक्षा की अलख, प्रियंका गोस्वामी ने 60 बच्चों को बांटी खुशियां… - September 14, 2026
- रेलवे लाइन का चोर निकला बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा… - September 14, 2026
