सारंगढ़। जिला भाजपा सारंगढ़ द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ जगदंबा फन वर्ल्ड में भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। पूरे परिसर में संगठनात्मक ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बैजयंती लहरे के नेतृत्व में पारंपरिक स्वागत से हुई। महिला मोर्चा की टीम ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के माथे पर तिलक लगाकर आत्मीय अभिनंदन किया। इसके पश्चात वरिष्ठ नेताओं द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान प्रदेश एवं संगठन की सुख-समृद्धि तथा कार्यकर्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बैजयंती लहरे ने अतिथियों को दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने वर्तमान समय में देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता का आचरण ही संगठन की वास्तविक पहचान होता है। उन्होंने सेवा, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल ने “हमारा इतिहास, हमारा विकास” विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि और संगठन की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रसेवा एवं अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला संगठन है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर संगठन की मजबूत नींव रखी, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बैजयंती लहरे ने वित्तमंत्री ओपी चौधरी का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सारंगढ़ जिले के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देखने को मिली है, जो यह संकेत देता है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जिले की दोनों सीटों पर भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद कमलेश जांगड़े ने की। वहीं संजय भूषण पांडे, भुवन मिश्रा, सुभाष जालान, केराबाई मनहर, शमशेर सिंह, जवाहर नायक, कामता जोल्हे एवं ज्योति पटेल सहित अनेक नेताओं ने भी संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं राष्ट्र निर्माण में भाजपा की विचारधारा पर अपने विचार व्यक्त किए।
महिला मोर्चा की ओर से शिवकुमारी साहू, अभिलाषा नायक, चंचला देवी, बिंदु जाटवर, विलास सारथी, चंद्रिका सिंह ठाकुर, संतोषी खटकर, ललित निराला, राधा राकेश, रमशिला साहू एवं रेवती साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन ने भाजपा की संगठनात्मक एकजुटता एवं कार्यकर्ताओं के उत्साह को नई दिशा देने का कार्य किया।



- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
