सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के वासियों के लिए एक बेहद राहत भरी और बड़ी खबर आ रही है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से की जा रही मांग के बाद अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिला परिवहन कार्यालय (RTO/DTO) को पूर्ण रूप से प्रारंभ करने की कवायद तेज हो गई है। इस महत्वपूर्ण कार्यालय की स्थापना के लिए बजट का आवंटन भी किया जा चुका है, और अब आगामी प्रशासनिक सेटअप की स्वीकृति के लिए अंतिम प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ विधानसभा की पूर्व विधायक श्रीमती पदमा मनहर ने क्षेत्र की जनता की सुविधा को देखते हुए मुख्यमंत्री को एक पत्र सौंपकर जिले में जल्द से जल्द परिवहन कार्यालय शुरू करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा इस पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग से जवाब मांगा गया था।

बजट हुआ मंजूर, सेटअप के लिए भेजा प्रस्ताव-
मुख्यमंत्री सचिवालय के संदर्भ में उप परिवहन आयुक्त कृष्ण कुमार पटेल द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिला परिवहन कार्यालय की स्थापना हेतु बजट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कार्यालय को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक पदों और प्रशासनिक सेटअप की स्वीकृति का आदेश जारी करने हेतु अंतिम प्रस्ताव परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा शासन को भेज दिया गया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही यहाँ विधिवत कामकाज शुरू हो जाएगा।
आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत-
गौरतलब है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ को नया जिला बने लंबा समय बीत चुका है, लेकिन परिवहन संबंधी कार्यों (जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों का पंजीयन, परमिट आदि) के लिए आज भी स्थानीय लोगों को पुराने जिला मुख्यालय रायगढ़ या अन्य जगहों के चक्कर काटने पड़ते थे। जिला परिवहन कार्यालय के पूर्ण रूप से अस्तित्व में आने के बाद क्षेत्र के लाखों लोगों को भारी आर्थिक चपत और समय की बर्बादी से मुक्ति मिलेगी।
इधर, परिवहन विभाग ने इस पूरे मामले की प्रतिलिपि पूर्व विधायक श्रीमती पदमा मनहर को भी सूचनार्थ भेजी है, साथ ही जनदर्शन की वेबसाइट पर भी इस प्रगति को इंद्राज (अपडेट) करने के निर्देश शिकायत शाखा प्रभारी को दे दिए गए हैं। इस बड़ी उपलब्धि के बाद जिले के नागरिकों और वाहन स्वामियों में हर्ष का माहौल है।
- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
