सारंगढ़। जिले की आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस कप्तान कार्यालय परिसर से डायल 112 सेवा के तहत प्राप्त 10 नए अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम जिले के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, विधायक गनपत जांगड़े, विधायक कविता प्राण लहरे तथा जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
वाहनों को रवाना करने से पूर्व पुलिस कार्यालय परिसर में औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिथियों के स्वागत उपरांत एडिशनल एसपी निमिषा पांडे ने बताया कि एआई तकनीक से लैस डायल 112 सेवा के लिए जिले को 10 नई आधुनिक गाड़ियां प्राप्त हुई हैं, जिससे पुलिस, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि इन हाईटेक वाहनों में डिजिटल साक्ष्य जुटाने की अत्याधुनिक व्यवस्था, सीसीटीवी फुटेज निकालने की प्रणाली, जीपीएस, लैपटॉप, कंप्यूटर, जनरेटर एवं नाइट विजन कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही नई व्यवस्था में एआई आधारित लोकेशन पहचान तकनीक भी जोड़ी गई है, जिसके माध्यम से संकट में फंसे व्यक्ति की सटीक लोकेशन का पता लगाकर सहायता टीम बेहद कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि “एक्के नंबर सब्बो बर” थीम पर आधारित यह आधुनिक सेवा पुलिस, अग्निशमन एवं चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत करते हुए नागरिकों को एक ही नंबर पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि नए वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, मोबाइल एमडीटीआर एवं सोलर बैकअप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और बेहतर संचार व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनता की सुख-सुविधा और दुख-दर्द को दूर करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा डायल 112 सेवा आम नागरिकों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। वहीं विधायक गनपत जांगड़े ने भी इस आधुनिक सेवा की सराहना करते हुए इसे जनता की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने डायल 112 सेवा एवं मोबाइल फॉरेंसिक वैन की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने डीजल-पेट्रोल बचाने एवं सामूहिक यात्रा को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि लोगों को एक साथ वाहन में सफर करने की आदत विकसित करनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा ने किया। इस अवसर पर एसडीएम वर्षा बंसल, एसडीओपी स्नेहिल साहू, ग्रेसी मैम, सिटी थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने डायल 112 के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत एसपी कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।




- सुशासन तिहार में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू द्वारा त्वरित एक्शन..भाजपा कार्यकर्ता अजय बैरागी की शिकायत पर भड़कीं कलेक्टर…2 घंटे में PMGSY टीम को जांच के निर्देश.. - May 20, 2026
- गोमर्डा अभयारण्य की सुरक्षा की कमान अब टीकाराम पटेल के हाथ.. - May 20, 2026
- अब संकट में मदद होगी और भी तेज़: सारंगढ़ में हाईटेक डायल 112 की 10 नई गाड़ियां रवाना… - May 20, 2026

