सारंगढ़। जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित बिहान एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्व सहायता समूहों की कार्यप्रणाली को लेकर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाया। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित पहली समीक्षा बैठक में उन्होंने बिहान से जुड़ी महिलाओं, अधिकारियों और प्रशिक्षण कर्मियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल नाम मात्र का काम अब नहीं चलेगा, बल्कि परिणाम दिखाने होंगे।
बैठक में गोडम, छिंद और सालर जैसे क्लस्टरों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बैंक खातों में जमा राशि, शासन से प्राप्त फंड के उपयोग, ऑडिट की स्थिति, वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना के संबंध में स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं अधिकारियों से एक-एक जानकारी ली।
समीक्षा के दौरान कार्यों की गति और उपलब्धियों पर असंतोष जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि बिहान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने का बड़ा माध्यम है। इसके जरिए सामूहिक रूप से बड़े-बड़े आजीविका मूलक कार्य किए जा सकते हैं, लेकिन अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं होना चिंता का विषय है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार से प्राप्त राशि का शत-प्रतिशत उपयोग आजीविका आधारित गतिविधियों में होना चाहिए। जिस कार्य को शुरू करना है, उसकी पूरी जानकारी समूह की महिलाओं को होनी चाहिए। उत्पाद निर्माण से लेकर ब्रांडिंग, मार्केटिंग, सप्लाई चेन, लेन-देन और तकनीक की समझ हर महिला उद्यमी के पास होना आवश्यक है।
कलेक्टर ने बिहान समूहों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब केवल औपचारिकता नहीं चलेगी। “जितना परफॉर्म किया, वह काफी नहीं है। अच्छा काम करो या किसी और को मौका दो।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि इसी तरह की कार्यशैली जारी रही तो संबंधित सीएलएफ को निरस्त कर नई ऊर्जावान महिलाओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों, प्रशिक्षण कर्मियों और महिलाओं को टीम भावना के साथ मेहनत करने की सीख दी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि आजीविका मिशन के कार्यों में महिलाओं को स्वयं आगे आकर नेतृत्व करना होगा और पति या अन्य लोगों पर निर्भर रहने की बजाय अपनी क्षमता के दम पर कार्य करना होगा।
बैठक के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और उद्यमिता के नए आयामों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर के सख्त लेकिन प्रेरणादायी संदेश के बाद अब जिले में बिहान समूहों की कार्यप्रणाली में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

- सुशासन तिहार में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू द्वारा त्वरित एक्शन..भाजपा कार्यकर्ता अजय बैरागी की शिकायत पर भड़कीं कलेक्टर…2 घंटे में PMGSY टीम को जांच के निर्देश.. - May 20, 2026
- गोमर्डा अभयारण्य की सुरक्षा की कमान अब टीकाराम पटेल के हाथ.. - May 20, 2026
- अब संकट में मदद होगी और भी तेज़: सारंगढ़ में हाईटेक डायल 112 की 10 नई गाड़ियां रवाना… - May 20, 2026

