सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 सितंबर 2026। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर अभियान की विभिन्न गतिविधियों के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार अभियान के जिला स्तरीय समन्वय की जिम्मेदारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी को जिला प्रभारी अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। अभियान के तहत आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि सहयोग और समन्वय के लिए अन्य विभागों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गई हैं।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की संध्या “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के साथ होगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियों की जिम्मेदारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को दी गई है। विद्यालयों में “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” विषय पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।
अभियान के दौरान “नमो सेवा गाथा” के तहत नुक्कड़ नाटकों, “आंगन का उत्सव” के माध्यम से आंगनबाड़ी स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों तथा “कहानी बदलाव की” के जरिए शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इन गतिविधियों के लिए संस्कृति, महिला एवं बाल विकास तथा जनसंपर्क विभाग सहित संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं।
इसी क्रम में “विकसित भारत संकल्प यात्रा”, “सेवा ज्योति यात्रा”, “जल जन सेवा संकल्प” और “सेवा-मेरा योगदान” जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुल 25 सेवा गतिविधियों को अभियान से जोड़ा गया है।
अभियान के दौरान “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” के तहत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। इसके अलावा “रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल”, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और 17 अक्टूबर को “जनसंपर्क महाकुंभ-त्योहार से परिवर्तन” जैसे आयोजन भी किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी विभागीय अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान की प्रत्येक गतिविधि में बेहतर विभागीय समन्वय के साथ अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और हितग्राहियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाना है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़े और सेवा, सहभागिता तथा विकास का संदेश जिले के गांवों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचे।

- चातुरी नंद को बड़ी जिम्मेदारी, चौहान समाज में खुशी की लहर… - September 13, 2026
- सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज, 17 सितंबर से जिलेभर में होंगे जनभागीदारी के आयोजन… - September 13, 2026
- एमपी की ‘सख्ती’ का दिखा दम! एसपी सुनील शर्मा के नेतृत्व में गांजा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 40 किलो गांजा समेत ₹28.60 लाख की संपत्ति जब्त… - September 13, 2026
