सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा (भा.पु.से.) के कुशल नेतृत्व में ए.एन.टी.एफ. और थाना सरसीवां पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 40 किलोग्राम गांजा, होंडा सिटी कार, केटीएम मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल सहित कुल ₹28 लाख 60 हजार की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को ए.एन.टी.एफ. एवं थाना सरसीवां पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड पर राजकुमार राणा की ऑटो पार्ट्स दुकान के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार क्रमांक CG 04 LP 0011 को रोका गया। कार में सवार टुकेश्वर यादव पिता भोलाराम यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी बालांव थाना पामगढ़ तथा गणेश राम यादव पिता दिलहरण यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी मुड़पार हाल बारगांव थाना पामगढ़ को पकड़ा गया।
वहीं कार के आगे केटीएम मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 W 6889 से पायलेटिंग कर रहे भावेश साहू पिता राकेश साहू एवं विनोद यादव पिता दौलत यादव, दोनों निवासी बारगांव थाना पामगढ़, को भी पुलिस ने दबोच लिया।

ओडिशा से पामगढ़ तक गांजे की खेप
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओडिशा राज्य से गांजा लेकर लंबर-सरसीवां मार्ग होते हुए पामगढ़ की ओर जा रहे थे। पुलिस ने गाताडीह-गोपालपुर मार्ग पर घेराबंदी कर तस्करों की योजना को नाकाम कर दिया।
तलाशी के दौरान होंडा सिटी कार के अंदर 40 पैकेटों में कुल 40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक होंडा सिटी कार, दो मोबाइल फोन तथा आरोपियों की निशानदेही पर पायलेटिंग कर रही केटीएम मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत ₹28,60,000 बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट में चारों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
24 घंटे में 50.761 किलो गांजा और ₹36.49 लाख की संपत्ति जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 24 घंटे के भीतर थाना सरिया और थाना सरसीवां के दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल सात गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 50.761 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो कार, एक केटीएम मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल सहित कुल ₹36,49,000 की संपत्ति जब्त की है।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में ए.एन.टी.एफ. और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

- एमपी की ‘सख्ती’ का दिखा दम! एसपी सुनील शर्मा के नेतृत्व में गांजा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 40 किलो गांजा समेत ₹28.60 लाख की संपत्ति जब्त… - September 13, 2026
- अवकाश के बाद हॉस्टल लौटा ही नहीं था अश्वनी!..के.पी. स्कूल बंधापाली के पुख्ता रिकॉर्ड्स ने खारिज किए लापरवाही के आरोप…अब जांच के घेरे में अज्ञात कॉल और खरसिया कनेक्शन.. - September 13, 2026
- गांजा तस्करों पर सरिया पुलिस का शिकंजा, थाना प्रभारी की मुस्तैदी से 10.761 किलो गांजा बरामद… - September 13, 2026
