सारंगढ़। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन (अभामा) की महिलाओं ने वट सावित्री पर्व एवं शनि जयंती के पावन अवसर पर गोसेवा कर समाज के सामने सेवा, श्रद्धा और संस्कार का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रदेश अध्यक्ष उमा छापरिया के निर्देश एवं शाखा अध्यक्ष मधु केजरीवाल के मार्गदर्शन में महिलाओं ने गोपाल जी गौशाला पहुंचकर गौमाता को लगभग 150 किलो की पांच प्रकार की मिक्स सब्जियां खिलाईं।
इस दौरान महिलाओं ने पूरे श्रद्धा भाव से गौमाता की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। गौशाला परिसर में भक्ति और सेवा का वातावरण देखने को मिला, जहां महिलाओं ने उत्साहपूर्वक गोसेवा करते हुए गौमाता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम में बबीता केड़िया, श्रीमती शीला अग्रवाल, श्रीमती शिखा अग्रवाल, दीक्षा केड़िया, मधु केड़िया सहित अन्य महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। सभी ने श्रद्धाभाव से गौमाता को सब्जियां खिलाकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्रीमती मधु केजरीवाल ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की महत्वपूर्ण पहचान है। उन्होंने कहा कि गाय का दूध अमृत के समान होता है तथा पंचगव्य, गोमूत्र और गोबर भी शारीरिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि प्रातःकाल गाय के दर्शन से मनुष्य में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
अभामा महिलाओं द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की समाज में सराहना हो रही है। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ गौसंरक्षण और सामाजिक जागरूकता का भी प्रेरणादायी संदेश बताया।

- वट सावित्री और शनि जयंती पर अभामा महिलाओं की अनूठी गोसेवा, गौमाता को खिलाई 150 किलो मिक्स सब्जियां… - May 16, 2026
- HPV वैक्सीन बनेगी बेटियों की सुरक्षा कवच, सारंगढ़ जिला अस्पताल में शुरू हुआ निःशुल्क टीकाकरण अभियान… - May 16, 2026
- मरीजों के लिए ‘मसीहा’ बने डॉ. जीत पटेल..सरिया-बरमकेला अंचल के शासकीय अस्पतालों की बदली तस्वीर.. - May 16, 2026
