सारंगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का निःशुल्क टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, जिसका मुख्य कारण HPV वायरस संक्रमण होता है। HPV वैक्सीन संक्रमण से पहले ही शरीर में सुरक्षा कवच तैयार कर देती है, जिससे भविष्य में कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में लगाया गया यह टीका सबसे अधिक प्रभावी एवं दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करता है।
उन्होंने जानकारी दी कि यह वैक्सीन पूरी तरह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित एवं प्रभावी है। दुनिया के 160 से अधिक देशों में इसे मान्यता प्राप्त है तथा अब तक 50 करोड़ से अधिक डोज सुरक्षित रूप से दी जा चुकी हैं। इस वैक्सीन का कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है।

इन बालिकाओं को मिलेगा निःशुल्क लाभ

ऐसी किशोरी बालिकाएं जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है लेकिन अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, वे इस निःशुल्क टीकाकरण के लिए पात्र हैं।
यहां और इस समय लग रहा टीका
HPV वैक्सीन प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक, रविवार एवं शासकीय अवकाश को छोड़कर, जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के टीकाकरण कक्ष क्रमांक-32 में लगाया जा रहा है। यह सुविधा राज्य के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में भी निःशुल्क उपलब्ध है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल की भावुक अपील
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने 16 मई 2026 को दो बालिकाओं को सफलतापूर्वक HPV वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी देते हुए जिले के अभिभावकों और पालकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा—
“आपका एक छोटा सा कदम आपकी बेटी को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य दे सकता है। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से अपनी लाड़ली की रक्षा के लिए सभी पालक अपनी 14 वर्ष की बेटियों को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के कक्ष क्रमांक-32 में लाकर HPV वैक्सीन का लाभ अवश्य दिलाएं।”

- वट सावित्री और शनि जयंती पर अभामा महिलाओं की अनूठी गोसेवा, गौमाता को खिलाई 150 किलो मिक्स सब्जियां… - May 16, 2026
- HPV वैक्सीन बनेगी बेटियों की सुरक्षा कवच, सारंगढ़ जिला अस्पताल में शुरू हुआ निःशुल्क टीकाकरण अभियान… - May 16, 2026
- मरीजों के लिए ‘मसीहा’ बने डॉ. जीत पटेल..सरिया-बरमकेला अंचल के शासकीय अस्पतालों की बदली तस्वीर.. - May 16, 2026
