सारंगढ़ । छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में अचानक बदले मौसम ने लोगों को दहशत में डाल दिया। तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। मौसम के अचानक बदले मिजाज से दिन में ही अंधेरा छा गया और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया।
बरमकेला क्षेत्र में तूफानी हवाओं का असर इतना भयावह रहा कि एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर पड़ा, जिससे यातायात घंटों तक बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक बीच रास्ते में फंस गए। बाद में स्थानीय लोगों ने मिलकर पेड़ हटाने का प्रयास किया, तब जाकर आवागमन धीरे-धीरे बहाल हो सका।
वहीं तेज बारिश और आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। जिले के कई इलाकों में बिजली गुल होने की खबरें सामने आई हैं। ग्रामीण क्षेत्र गिरहुलपाली में 100 केवी ट्रांसफार्मर खंभे सहित टूटकर गिर गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई। बिजली बंद होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, वहीं किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मरम्मत कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश ने खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे आर्थिक परेशानी बढ़ सकती है।
मौसम के इस अचानक बदले रूप ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। लोगों का कहना है कि कुछ ही देर में आसमान काले बादलों से घिर गया और तेज तूफान के कारण दिन में ही रात जैसा नजारा दिखाई देने लगा। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की जा रही है।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
