सारंगढ़। जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बिनोद भारद्वाज ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ का किसान आज खेत में कम और सरकारी पोर्टल, पंजीयन तथा टोकन के चक्कर में ज्यादा उलझ गया है। उन्होंने कहा कि जिस किसान के हाथ में खाद की बोरी होनी चाहिए, उसके हाथ में आज आवेदन, पंजीयन और टोकन की पर्चियां थमा दी गई हैं।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि खाद वितरण के लिए लागू किए गए नए पंजीयन और टोकन सिस्टम ने किसानों के सामने कृत्रिम संकट खड़ा कर दिया है। गांव-गांव में किसान सुबह से लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। कहीं सर्वर डाउन की समस्या किसानों की परेशानी बढ़ा रही है, तो कहीं टोकन खत्म होने से किसान मायूस होकर वापस लौट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग किसानों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि छोटे और गरीब किसान बिचौलियों के भरोसे रहने को विवश हो गए हैं। सरकार की व्यवस्था किसानों को राहत देने के बजाय उन्हें और अधिक परेशान कर रही है।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब किसान बुवाई के समय खाद के लिए भटकेगा तो उत्पादन कैसे बढ़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं सरकार जानबूझकर खाद की उपलब्धता सीमित कर किसानों को आर्थिक संकट की ओर तो नहीं धकेल रही है।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, लेकिन आज वही किसान खाद और बीज जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशान हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि खाद वितरण प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, किसानों को बिना परेशानी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए तथा टोकन और पंजीयन व्यवस्था में तत्काल सुधार कर किसानों को राहत दी जाए।

- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
- सारंगढ़:विश्वकर्मा जन्मोत्सव पर निशा स्टील में भव्य भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद… - September 17, 2026
- सारंगढ़:पीएससी विवाद पर कांग्रेस का हमला, बोली—युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे भाजपा… - September 17, 2026
