सारंगढ़। जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने आम नागरिकों एवं उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह से प्रभावित होकर घबराने की आवश्यकता नहीं है तथा लोग अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल की अधिक मात्रा में खरीदी अथवा संग्रहण न करें। केवल आवश्यकता के अनुसार ही वाहनों में ईंधन भरवाएं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन लगातार ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों के संपर्क में है और जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता एवं आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। मांग के अनुसार नियमित रूप से ईंधन की सप्लाई जारी है तथा स्थिति को सामान्य बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के सभी पेट्रोल पंपों को 24 घंटे संचालन एवं आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी लोग ईंधन का उपयोग जिम्मेदारी एवं समझदारी के साथ करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ लोग मुनाफाखोरी के उद्देश्य से पेट्रोल-डीजल का अवैध स्टॉक कर अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश न करें। यदि कोई व्यक्ति कालाबाजारी करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऑयल कंपनियों एवं खाद्य विभाग की टीमों द्वारा जिले के पेट्रोल पंपों में लगातार आकस्मिक निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है, ताकि आम लोगों को समय पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

- सारंगढ़ बिलाईगढ़ : शराब पीकर स्कूल आने वाले, नेटवर्क मार्केटिंग में लिप्त और दबंगई करने वाले 3 शिक्षक सस्पेंड…कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कड़े निर्देश पर डीईओ जे.आर. डहरिया की गाज..1 प्रधान पाठक पर विभागीय जांच की अनुशंसा..लापरवाह शिक्षकों में मचा हड़कंप.. - July 30, 2026
- हसौद में कथित अवैध शराब कारोबार पर बढ़ा आक्रोश, निष्पक्ष जांच की उठी मांग… - July 30, 2026
- सारंगढ़:किस्त जमा फिर भी मोबाइल लॉक? ग्राहकों ने लगाए गंभीर आरोप… - July 30, 2026




